Today 24 Live – Voice of all

GAYA LOCKDOWN: गया डाकघर शाखा को मिला टॉप ब्रांच एवं संत जयदीप आज़ाद को मिला टॉप एंड यूजर का खिताब। डीएम ने डाकघर के सभी कर्मियों को दी बधाई।

पुरुषोत्तम, गया: कोविड 19, वैश्विक महामारी से सुरक्षा व बचाव के लिए किये गये राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान भारतीय डाक सेवा में गया शाखा में सबसे ज्यादा ट्रांजेक्शन (लेन-देन) किया गया है। वरीय डाक अधीक्षक श्री रंजय कुमार सिंह द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार दिनांक-06 मई, 2020 को सिर्फ एक दिन में लगभग 67 लाख से अधिक रुपये का लेन-देन लगभग 11,000 लोगों के बीच भारतीय डाक घर, गया शाखा के द्वारा किया गया। इसके लिए गया शाखा को टॉप शाखा के ख़िताब से नवाजा गया है।

उल्लेखनीय है कि सरकार द्वारा प्रत्येक राशन कार्डधारियों को 1,000 रुपये डी०बी०टी० (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है, जिसका भारतीय डाक घर एवं ग्रामीण डाक सेवकों के द्वारा भी घर-घर जाकर भुगतान कराया गया है और इसके लिए गया डाकघर शाखा के संत जयदीप आज़ाद, जिन्होंने एक दिन में लगभग 309 लाभुकों के बीच 1.64 लाख रुपये का ट्रांसकेशन (लेन-देन) किया गया, को टॉप ऐंड यूजर का खिताब से नवाजा गया है। वहीं ज़िलाधिकारी, गया अभिषेक सिंह द्वारा गया डाकघर शाखा को बेहतर डाक सेवा का खिताब मिलने के उपलक्ष्य में डाक घर के सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों को बधाई दी गयी है।