Today 24 Live – Voice of all

बिहार जेडीयू में भी बदलाव की तैयारी, युवाओं की ज्यादा हो सकती है भागीदारी

PATNA: बिहार में सत्ता पर काबिज जेडीयू (Janta Dal United) में अब बड़ा बदलाव होने वाला है। पहले ही पार्टी में बड़ा बदलाव राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में किया जा चुका है। अब पार्टी की राज्य इकाई में भी बदलाव करने की तैयारी है। 10 जनवरी रविवार को जेडीयू की राज्य कार्यकारिणी एवं राज्य परिषद की संयुक्त बैठक होने वाली है। जाहिर है ये बैठक कई मायनों में काफी अहम होगा। पार्टी के सभी बड़े नेता इसको लेकर काफी उत्सुक तो हैं ही साथ ही बिहार के सभी राजनीतिक पार्टियों की नजर इस बैठक पर टिकी है। नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जिस तरीके से राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़कर आरसीपी सिंह (RCP Singh) को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया था, अब बिहार JDU में भी बड़े बदलाव हो सकते हैं।

इस बदलाव का इशार जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने देते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद संगठन में बदलाव की ज़रूरत महसूस की जा रही है। चुनाव में जिन लोगों ने अच्छा काम किया है, उन्हें इनाम जरूर मिलेगा। लेकिन जिन लोगों ने पार्टी के लिए सही ढंग से काम नहीं किया है, ऐसे लोगों को इसका ख़ामियाजा भुगतना जरूर पड़ेगा। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष ने ये भी कहा कि पार्टी को युवाओं की जरूरत है, जिसकी वजह से उनकी भूमिका बढ़ाई जाएगी।

पार्टी सूत्रों से जो ख़बर मिल रही है उसके मुताबिक रविवार को होने वाले राज्य कार्यकारिणी की बैठक में कई पुराने चेहरों को हटाकर नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। यानी साफ है कि नए चेहरों में ज्यादातर युवा चेहरे को ही मौका दिया जा सकता है। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह भी शामिल होंगे।