Today 24 Live – Voice of all

PMCH में वर्चस्व की लड़ाई में खूंरेजी, 3 को लगी गोली, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ परिसर

Patna: बिहार के सबसे बड़े अस्पताल PMCH में वर्चस्व की लड़ाई छिड़ गई है. एक तरफ कोरोना महामारी के बीच लोग परेशान हैं. लोगों की जिंदगी और मौत एंबुलेंस के सही वक्त पर मिल जाने को पर टीका है. तो दूसरी तरफ PMCH में ही एंबुलेंस को लेकर वर्चस्व की लड़ाई छिड़ गई है. दरअसल मंगलवार सुबह को एंबुलेंस संचालक दो गुट में बट गए. और विवाद इतना बढ़ा की एक गुट के व्यक्ति को गोली मार दी गई. गोली चलते ही PMCH परिसर में अफरा तफरी मच गई. आनन फानन में व्यक्ति को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. सूचना मिलने पर मौके पर पीरबहोर थाने की पुलिस पहुंची. और मामले की जांच में जुट गई.

पीरबहोर थाने की पुलिस जांच ही कर रही थी. कुछ घंटे ही बीते थे कि शाम में अचानक फिर से दूसरे गुट ने हमला कर दिया और दो लोगों को गोली मार दी. इस घटना के बाद PMCH परिसर में दहशत फैल गई. परिसर में हड़कंप मच गया. दोनों घायल व्यक्तियों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. सूचना मिलने पर फिर मौके पर पुलिस के आलाधिकारी पहुंचे और स्थिति का पूरा जायजा लिया. इसके बाद पूरे PMCH परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. पुलिस के अधिकारी ने बताया है कि दोषी लोगों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. मामला PMCH में एंबुलेंस संचालन से जुड़ा हुआ है. दो गुटों में वर्चस्व की लड़ाई की बात सामने आ रही है. पहले एक गुट ने दूसरे गुट के लोगों को गोली मारी. इसी का बदला लेने के लिए दूसरे गुट ने भी हमला कर दिया. फिलहाल गोली मारने वालों की पहचान की जा रही है. जल्द गिरफ्तारी होगी.

इसे भी पढ़ें:

Bihar lockdown: 15 मई तक राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन, हाईकोर्ट ने कहा- राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था सौंप दें सेना को

वहीं एक दिन में दो बार गोली चलने और तीन लोगों के घायल होने पर पूरे PMCH परिसर में डर का माहौल पैदा हो गया है. परिसर में लोग दहशत में हैं. जिसे देखते हुए पीरबहोर थाने की पुलिस ने परिसर में पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी है. फिलहाल चप्पे चप्पे पर पुलिस नजर रख रही है. और PMCH परिसर में फिर ऐसी घटना न हो ये पुख्ता कर रही है. वहीं दोषियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.