NEW DELHI: केंद्र सरकार ने एक ही दिन में यू-टर्न लेते हुए छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर घटाने को मना कर दिया है. एक दिन पहले ही सरकार ने ब्याज दर घटाने की घोषणा की थी. केंद्र सरकार की तरफ से बुधवार को ब्याज दर घटाने की घोषणा की गई थी. लेकिन इसे गुरुवार को ही वापस ले लिया गया है. गुरुवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी. ट्विट में उन्होंने लिखा कि ब्याज दर घटाने की घोषणा को वापस लिया गया है. अब पुरानी दरें ही लागू रहेंगी.
दरअसल बुधवार को कई छोटी बचत योजनाओं और छोटी डिपॉजिट्स पर जून तिमाही के लिए ब्याज दरों को लेकर घोषणा की गई थी. इस घोषणा के तहत छोटी जमाओं पर भी वार्षिक ब्याज दर 4 फीसदी से घटाकर 3.5 फीसदी किया गया था. पर्सनल प्रोविडेंट फंड यानी PPF की ब्याज दर भी 7.1 से कम करके 6.4 प्रतिशत वार्षिक कर दिया गया था. एक साल की अवधि के जमा पर ब्याज दर को 5.5% से काम करके 4.4% कर दिया गया था, वहीं सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम के तहत ब्याज दर 7.4% से कम करके 6.5% कम दिया गया था.
लेकिन महज 24 घंटे के बाद ही वित्त मंत्रालय ने यू टर्न लेते हुए आज सुबह वित्तमंत्री के ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया गया कि छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरें पिछली तिमाही के हिसाब से ही लागू रहेंगी और दरें घटाने का फैसला वापस ले लिया गया है.