October 30, 2026

FILE PHOTO

केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने महज 24 घंटे के अंदर लिया यू-टर्न, छोटी बचत योजनाओं में ब्याज दर घटाने की घोषणा ली वापस

NEW DELHI: केंद्र सरकार ने एक ही दिन में यू-टर्न लेते हुए छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर घटाने को मना कर दिया है. एक दिन पहले ही सरकार ने ब्याज दर घटाने की घोषणा की थी. केंद्र सरकार की तरफ से बुधवार को ब्याज दर घटाने की घोषणा की गई थी. लेकिन इसे गुरुवार को ही वापस ले लिया गया है. गुरुवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी. ट्विट में उन्होंने लिखा कि ब्याज दर घटाने की घोषणा को वापस लिया गया है. अब पुरानी दरें ही लागू रहेंगी.

आपको बताते चलें कि छोटी बचत योजनाओं के लिए ब्याज दरों को केंद्रीय वित्त मंत्रालय हर तिमाही के आधार पर जारी करता है. केंद्र सरकार ने इससे पहले जनवरी-मार्च 2021 की तिमाही के लिये PPF और NCC सहित छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया था.

दरअसल बुधवार को कई छोटी बचत योजनाओं और छोटी डिपॉजिट्स पर जून तिमाही के लिए ब्याज दरों को लेकर घोषणा की गई थी. इस घोषणा के तहत छोटी जमाओं पर भी वार्षिक ब्‍याज दर 4 फीसदी से घटाकर 3.5 फीसदी किया गया था. पर्सनल प्रोविडेंट फंड यानी PPF की ब्‍याज दर भी 7.1 से कम करके 6.4 प्रतिशत वार्षिक कर दिया गया था. एक साल की अवधि के जमा पर ब्‍याज दर को 5.5% से काम करके 4.4% कर दिया गया था, वहीं सीनियर सिटीजन सेविंग स्‍कीम के तहत ब्‍याज दर 7.4% से कम करके 6.5% कम दिया गया था.

लेकिन महज 24 घंटे के बाद ही वित्त मंत्रालय ने यू टर्न लेते हुए आज सुबह वित्तमंत्री के ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया गया कि छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरें पिछली तिमाही के हिसाब से ही लागू रहेंगी और दरें घटाने का फैसला वापस ले लिया गया है.