October 31, 2026

GAYA : कांग्रेस के नेताओं ने केंद्र सरकार को घेरते हुए किया प्रदर्शन, प्रवासी मजदूरों के हक़ की उठाई आवाज़।

पुरषोत्तम, गया: गया में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि केंद्र सरकार जो नींद में सोई हुई है उसे जगाया जाए। आज केंद्र सरकार बैकफुट पर चली गई है। वह फ्रंटफुट पर आए और प्रवासी मजदूरों की भिन्न-भिन्न कारणों से मृत्यु हुई है उन्हें उचित मुआवजा दे। तथा शेष मजदूरों को अभिलंब अपने घर मुफ्त में पहुंचाया जाए।

इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निम्लिखित बिंदुओं पर ध्यान आकृष्ट किया।

1. आज कोरोना वायरस महामारी संकट में देश को दो माह से ज्यादा लॉक डाउन होने से आयकर दायरे से बाहर आने वाले लोग त्राहि, त्राहि कर रहे हैं, उनके संकट को दूर करने हेतु उनके बैंक खातों में एकमुश्त दस हजार रूपए दिया जाए।

2. देश के मनरेगा मजदूरों को 100 दिन के काम की गारंटी की जगह पर 200 दिनों का काम सुनिश्चित करें।

3. देश के लघु, छोटे कामगारों को वित्तीय सहायता मुहैया कराया जाए।

4. देश के सभी प्रवासियों को मुफ्त उनके घरों तक पहुंचने, तथा राशन कि व्यवस्था किया जाए।

5. देश के किसानों के लिए न्याय योजना लागू कर प्रति माह किसानों को 7500 रुपया दिया जाए ।