October 31, 2026

बेतिया में टेम्पू और कैश वैन की आमने सामने टक्कर, 4 की मौत, एक ही परिवार के 3 बच्चे की मौत से कोहराम

BETIAH: बेतिया में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में एक ही परिवार के 3 बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई है. घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच 727 को जाम कर दिया है. और मुआवजे की मांग की है साथ ही दोषियों को पकड़ने की मांग की. घटना बेतिया बगहा पथ पर लौरिया थाना क्षेत्र के सिरकहिया गांव के पास की है.

कैसे हुआ सड़क हादसा ?
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि टेम्पू व कैश वैन की आमने सामने की टक्कर हुई. जिसमें टेम्पू पर सवार एक ही परिवार की 1 बच्ची और 2 बच्चों समेत आटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि कैश वैन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया है. मृत चारों एक ही परिवार के हैं. जबकि बच्चों के माता पिता घायल हैं. सभी बगहा के चौतरवा थाना क्षेत्र के रायबाड़ी महुआवा गांव के रहने वाले हैं, जो लौरिया से घर लौट रहे थे. तभी चौतरवा से लौट रही कैश वैन से सीधी टक्कर हो गई.

मार्केटिंग करके लौट रहे थे मृतक
रायबाड़ी महुआवा के रवि श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ घर से लौरिया बाजार में समान खरीदने आया था. इसके बाद टेम्पू से वो वापस लौट रहा था. तभी यह हादसा हो गया. वहीं मृत ऑटो चालक की पहचान दीपक श्रीवास्तव के रूप में की गई है, जो उसी गांव का रहने वाला था. घटना के बाद से आक्रोशित लोगों ने एनएच 727 को जाम कर दिया. और कैशवैन चालक को गिरफ्तार करने के साथ ही मुआवजे की मांग की. घटना की जानकारी मिलते हीं पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया.