October 31, 2026

जातीय जनगणना मामले पर पीएम से मिलने सीएम नीतीश दिल्ली रवाना, सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से सोमवार को प्रधानमंत्री की होगी मुलाकात

पटना- जातीय जनगणना की मांग को लेकर बिहार के सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात करेगा. जिसे लेकर सीएम नीतीश कुमार दिल्ली के लिए रविवार को रवाना हो गए हैं. ये दल सोमवार को पीएम मोदी से मुलाकात करेगा.

मुख्यमंत्री नीतीश के नेतृत्व वाले इस प्रतिनिधिमंडल में राजद विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव, जदयू से शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, बीजेपी से खान भूतत्व मंत्री जनक राम, कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा, सीपीआई विधायक दल के नेता महबूब आलम, एआईएमआईएम विधायक दल के नेता अख्तरुल इमान, पूर्व मुख्यमंत्री और हम विधायक दल के नेता जीतन राम मांझी, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, सीपीआई विधायक दल के नेता सूर्यकांत पासवान और सीपीएम विधायक दल के नेता अजय कुमार जनगणना कराने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री से मिलेंगे.

वहीं मंत्री विजय चौधरी ने दिल्ली रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से कहा कि 2021 की जो जनगणना होने वाली है उसे जातिगत जनगणना कराए जाने के अनुरोध को लेकर वो सभी प्रधानमंत्री से मिलने जा रहे हैं.