October 31, 2026

भागलपुर इंटरसिटी ट्रेन में जमकर लूटपाट, पत्थरबाजी में कई यात्री घायल

News Desk: अपराधियों ने भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में जमकर लूटपात की. करीब डेढ़ दर्जन की संख्या में अपराधियों ने ट्रेन में चढ़कर यात्रियों के साथ लूटपाट की और फिर उनके साथ मारपीट भी की. महिलाओं के जेवरात भी लूट लिए. वहीं यात्रियों ने जब विरोध किया तब अपराधी ऋषिकुंड के पास चेन पुलिंग कर उतर गए और ट्रेन पर पथराव करने लगे. पथराव के कारण करीब आधा दर्जन यात्री और दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए.

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि दानापुर से भागलपुर आ रही इंटरसिटी (03402) में मंगलवार की रात रतनपुर और ऋषिकुंड के बीच चेन पुलिंग कर करीब डेढ़ दर्जन की संख्या में अपराधी एसी और जनरल बोगी में घुस गए. जमालपुर जंक्शन पर यह ट्रेन 8:50 पर पहुंची थी यहां से यह भागलपुर के लिए खुली, लेकिन रतनपुर से पहले ही लुटेरों ने लूटपाट करना शुरू कर दिया. लुटेरों ने यात्रियों से सेलफोन, नकदी व आभूषण लूट लिया. फिर विरोध करने पर सभी लुटेरे ऋषिकुंड हॉल्ट के पास ट्रेन को रोककर पथराव करना शुरू कर दिया.

लूटेरों के द्वारा किये गए पथराव के कारण एसी बोगी का शीशा भी चकनाचूर हो गया. इस घटना में आधा दर्जन से ज्यादा यात्रियों को चोट लगी है. वहीं चार यात्रियों को गंभीर चोट लगने की खबर है. इसके बाद ट्रेन करीब 9.15 मिनट पर बरियारपुर स्टेशन पहुंची. फिर करीब 10 बजे ट्रेन सुल्तानगंज पहुंचने पर यात्रियों ने फिर हंगामा किया. वे सुरक्षा पर सवाल उठा रहे थे.