October 30, 2026

West Bengal Election: योगी आदित्यानाथ ने दीदी पर किया तंज, कहा- चंडी का पाठ कर रही हैं ममता

Kolkata:  यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath)  ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल चुनाव (West Bengal Election) को लेकर तीन चुनावी सभा को संबोधित किया. योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के पुरूलिया,  बांकुड़ा और पश्चिमी मेदिनीपुर में चुनावी सभाएं (Yogi Adityanath in Bengal) की. अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दो मई के बाद ममता दीदी की विदाई तय है.

योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने आगे चुनावी भाषण में कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के गुंडे सत्ता का दुरूपयोग कर रहे हैं. लोगों को बीजेपी की सभा में जाने से रोका जा रहा है. उन्होंने कहा कि ममता दीदी जय श्री राम के नारे से चिढ़ती हैं, लेकिन आज मेरा स्वागत जय श्री राम के नारे के साथ हो रहा है. उन्होंने कहा कि 2014 के पहले एक ऐसी नस्ल पैदा हो गई थी, जिनके मंदिर जाने से सेक्युलिरिज्म खतरे में पड़ जाता था, मगर अब ममता दीदी चंडी का पाठ कर रही हैं.

उन्होंने कहा कि बंगाल में गरीबी और बेरोजगारी की दर बढ़ती जा रही है और यहां कि पिछली सरकार ने बंगाल को पीछे करने का काम किया. योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कहा कि बीजेपी बंगाल के नागरिकों को न्याय दिलाने आई है. अवैध घुसपैठियों के कारण यहां के गरीबों को राशन नहीं मिल पाती है. उन्होंने कहा कि बीजेपी प्रत्याशी को बंगाल की बेहतरी के लिये जितायें.